
मोदी की गारंटी के तहत कर्मचारियों की लंबित छह सूत्रीय मांगों को पूरा कराने की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ, जशपुर एवं उससे संबद्ध विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने 7 से 11 जुलाई 2026 तक जिले के सांसद एवं विधायकों को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है।
इस अभियान में स्वास्थ्य संयोजक संघ, छत्तीसगढ़ आईटीआई कर्मचारी-अधिकारी संघ, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी संघ, छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ, छत्तीसगढ़ निशक्त कर्मचारी-अधिकारी संघ, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज कर्मचारी कल्याण संघ, शासकीय तकनीकी कर्मचारी संघ तथा छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी पेंशनर्स एसोसिएशन सहित कई कर्मचारी संगठन शामिल रहेंगे।
संघ के जिला अध्यक्ष सुभाषचंद शर्मा ने बताया कि इससे पहले 10 जून 2026 को प्रदेश के सभी जिलों एवं विकासखंडों में कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया था। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए जनघोषणा पत्र के वादों के बावजूद कर्मचारियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर अब तक अमल नहीं होने से प्रदेशभर के कर्मचारियों में निराशा और आक्रोश व्याप्त है।
उन्होंने बताया कि प्रमुख मांगों में 1 जनवरी 2026 से केंद्र के समान 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता प्रदान करना, विधानसभा में वित्त मंत्री द्वारा घोषित कैशलेस चिकित्सा सुविधा के लिए तत्काल दिशा-निर्देश जारी करना, अभिभाजित मध्यप्रदेश की तर्ज पर कर्मचारियों को 240 दिनों के स्थान पर 300 दिनों का अवकाश नगदीकरण का लाभ देना, संविदा, दैनिक वेतनभोगी एवं अनियमित कर्मचारियों को रिक्त पदों पर नियमित करते हुए मध्यप्रदेश की तरह सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करना, शिक्षक एलबी संवर्ग के कर्मचारियों की सेवा की गणना प्रथम नियुक्ति तिथि से करना तथा प्रदेश में अनुकंपा नियुक्ति पर लागू 10 प्रतिशत की सीलिंग समाप्त करना शामिल है।
संघ ने बताया कि जिले के विधायक इन दिनों रायपुर प्रवास पर हैं। ऐसे में उनके निजी सचिवों को विधायक के नाम ज्ञापन सौंपकर कर्मचारियों की मांगों का शीघ्र निराकरण कराने का आग्रह किया जाएगा। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि यदि सरकार जल्द सकारात्मक निर्णय लेती है तो इससे प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को राहत मिलेगी।
इस दौरान जिला अध्यक्ष सुभाषचंद शर्मा, सचिव डमरूधर पैंकरा, कोषाध्यक्ष तुलेश्वर यादव, ब्लाक अध्यक्ष चंद्र कुमार पातर, सचिव संतोष चौहान, ब्लाक सचिव यजुवेंद्र सिंह, अनूप कुमार, रोहित निकुंज, नवीन कुमार, उज्ज्वल प्रभात उपस्थित रहे।
