ब्रेकिंग जशपुर – कुनकुरी में तेज रफ्तार यात्री बस पलटी, 10 से अधिक घायल, 40 यात्री थे सवार

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शुक्रवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 40 यात्री सवार थे। दुर्घटना में 10 से अधिक यात्री घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, जय बाला जी बस झारखंड के रामगढ़ से कोरबा जा रही थी। सुबह करीब 4 बजे कुनकुरी थाना क्षेत्र के टांगरपानी गांव के पास चालक की कथित लापरवाही के कारण बस अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से होली क्रॉस हॉस्पिटल, कुनकुरी में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

-->