बगीचा। बगीचा विकासखंड के बगीचा मंडल अंतर्गत शाहिडांड शक्ति केंद्र के बूथ क्रमांक 23 स्थित पंडरीपानी पहाड़ी कोरवा बस्ती में रविवार को जनपद पंचायत बगीचा के उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने पहाड़ी कोरवा समाज के ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्र निर्माण, जनभागीदारी, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भर भारत, नवाचार एवं समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्यक्त विचारों को ग्रामीणों ने गंभीरता से सुना। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद अरविंद गुप्ता ने पहाड़ी कोरवा परिवारों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समाज के परिवारों का सम्मान, उत्थान और समग्र विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों को राष्ट्र निर्माण, जनभागीदारी और सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने वाला प्रभावी मंच है। इससे लोगों में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और देशहित में योगदान देने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम में पहाड़ी कोरवा समाज के महिला-पुरुष, युवा एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प व्यक्त किया।
