शिवरीनारायण-राहौद की रिद्धांशी साहू बनी अबेकस चैंपियन

शिवरीनारायण/राहौद। क्षेत्र की होनहार छात्रा रिद्धांशी साहू ने अबेकस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। महज 9 वर्ष की उम्र में कक्षा तीसरी में अध्ययनरत रिद्धांशी ने राज्य स्तरीय अबेकस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट सफलता हासिल की।

रिद्धांशी ने जांजगीर की अबेकस प्रशिक्षिका रेणुका शर्मा के मार्गदर्शन में ऑनलाइन अबेकस क्लास जॉइन की थी। हाल ही में रायगढ़ स्थित अग्रोहा धाम में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उसने लिस्निंग प्रतियोगिता में प्रथम रनर-अप तथा विजुअल प्रतियोगिता में चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के दौरान रिद्धांशी ने अपनी अद्भुत गणना क्षमता का प्रदर्शन करते हुए महज 10 मिनट में गणित के 200 प्रश्न हल कर सभी को प्रभावित किया। आज वह अपने से बड़ी कक्षाओं के विद्यार्थियों को भी गणित में कड़ी टक्कर दे रही है।

रिद्धांशी के पिता विश्वा साहू और माता रिंकी साहू ने बताया कि जब उनकी बेटी ने अबेकस की ऑनलाइन कक्षाएं शुरू की थीं, तब वह गणित में एक सामान्य छात्रा थी। नियमित अभ्यास और प्रशिक्षण के बल पर आज उसकी गणना क्षमता और आत्मविश्वास में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। अब वह कठिन से कठिन गणितीय सवाल भी बेहद तेजी से हल कर लेती है।

अबेकस प्रशिक्षिका रेणुका शर्मा ने बताया कि यह प्रशिक्षण 6 से 13 वर्ष तक के बच्चों के लिए संचालित किया जाता है। सप्ताह में दो दिन ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से बच्चों को अबेकस की नौ चरणों वाली विशेष पद्धति से पढ़ाया जाता है। इससे बच्चों का गणित का डर दूर होता है और उनकी एकाग्रता, सुनने-समझने की क्षमता, लेखन गति तथा मानसिक विकास में भी सुधार होता है। फ्लैश कार्ड गतिविधियों और ब्रेन डेवलपमेंट एक्सरसाइज के जरिए बच्चों के छिपे हुए कौशल को निखारा जाता है।

रिद्धांशी की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों, शिक्षकों और परिजनों ने खुशी जताते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

-->