बगीचा क्षेत्र में धड़ल्ले से जारी गौतस्करी, कार्रवाई की मांग को लेकर गौरक्षक संगठन पहुंचा थाने

बगीचा। जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में कथित तौर पर गौतस्करी का मामला लगातार सामने आ रहा है। क्षेत्र में गौवंश की अवैध तस्करी होने की शिकायतों के बीच गौरक्षा हिन्दू संगठन ने इस मुद्दे को लेकर मोर्चा खोल दिया है।

संगठन के पदाधिकारियों का आरोप है कि बगीचा थाना क्षेत्र में गौतस्करों का नेटवर्क सक्रिय है और लगातार गौवंश की तस्करी की जा रही है। उनका कहना है कि गौतस्करों पर अंकुश लगाने में पुलिस प्रभावी कार्रवाई करने में असफल साबित हो रही है, जिसके कारण तस्करों के हौसले बुलंद हैं।

गौरक्षा हिन्दू संगठन ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गौतस्करी की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। संगठन के सदस्यों ने बगीचा थाने पहुंचकर गौतस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए एक लिखित आवेदन सौंपा।

संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि गौतस्करी में शामिल लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा क्षेत्र में लगातार निगरानी बढ़ाकर इस अवैध गतिविधि पर रोक लगाई जाए।

वहीं, मामले को लेकर पुलिस का पक्ष सामने आना अभी बाकी है। पुलिस प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर क्षेत्रवासियों और गौरक्षा संगठनों की नजर बनी हुई है।

-->