छत्तीसगढ़ का जशपुर जिले के बगीचा जनपद पंचायत अंतर्गत सरडीह ग्राम पंचायत ने स्वच्छता और हरित विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी सफलता हासिल की है। ग्राम पंचायत को दीनदयाल उपाध्याय सतत विकास पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जिसमें उसे क्लीन एवं ग्रीन श्रेणी में देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
यह सम्मान ग्राम पंचायत द्वारा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और जनभागीदारी के माध्यम से किए गए उत्कृष्ट प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान है। सरडीह पंचायत की इस उपलब्धि ने न केवल जशपुर जिले बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है।
नई दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में भारत सरकार के केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी तथा पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह के हाथों यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया गया।

इस गौरवपूर्ण अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सलीक साय, जनपद पंचायत अध्यक्ष गायत्री नागेश, सरपंच रामजी भगत, जिला पंचायत सीईओ IAS अभिषेक कुमार, पंचायत सचिव ईश्वर प्रसाद यादव, कुसुम बड़ा DDP एवं नवनीत साहू ADPM सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
सरडीह ग्राम पंचायत की यह सफलता ग्रामीण विकास, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरी है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि सामूहिक प्रयास, जनसहभागिता और दूरदर्शी नेतृत्व के माध्यम से गांव भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।
