
जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत महादेवडांड स्थित 25 अप्रैल की रात तनवीर मोबाइल दुकान में अज्ञात चोरों ने देर रात सेंधमारी कर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने दुकान की पक्की दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया और दुकान में रखे लाखों रुपये कीमत के मोबाइल फोन एवं मोबाइल पार्ट्स लेकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि यह पहली बार नहीं है, इससे पहले भी कुछ माह पूर्व इसी दुकान में चोरी की घटना हो चुकी है। लगातार दूसरी बार हुई चोरी से क्षेत्र के व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलते ही दुकान संचालक ने तत्काल बगीचा थाना पुलिस को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि सूचना देने के बाद भी पुलिस पूरे दिन मौके पर नहीं पहुंची। इससे स्थानीय लोगों और व्यापारियों में नाराजगी देखी जा रही है।
फिलहाल चोरी की इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पीड़ित दुकानदार ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
