ब्रेकिंग न्यूज नदी में नहाने के दौरान दर्दनाक हादसा: भांजी को बचाने कूदे मामा समेत दोनों की डूबने से मौत

जिले की घुनघुट्टा नदी में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बालिका और उसे बचाने की कोशिश कर रहे उसके मामा की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर के नमना कला निवासी ईश्वर सोनी की 12 वर्षीय पुत्री सिन्नी सोनी गर्मी की छुट्टियों में रायपुर से अपने घर आई हुई थी। शनिवार को परिवार के सदस्य घूमने के लिए अम्बिकापुर के घुनघुट्टा नदी पहुंचे थे।

शाम करीब साढ़े 5 बजे सिन्नी नदी में नहाने के लिए उतरी थी। इसी दौरान वह गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। भांजी को संकट में देख उसके मामा विनीत सोनी (पिता राकेश सोनी) उसे बचाने के लिए बिना देर किए नदी में कूद पड़े। लेकिन नदी की गहराई और तेज बहाव के चलते दोनों पानी में फंस गए और डूब गए।
मौके पर मौजूद परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद तत्काल दोनों को मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय अंबिकापुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

इस हृदयविदारक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मोहल्ले और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों में सावधानी बरतने और बच्चों पर विशेष नजर रखने की अपील की है।

-->