ब्रेकिंग जशपुर – शासकीय जमीन को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प,पुलिस ने तीन आरोपियों को भेजा जेल

जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के पंडरापाठ चौकी अंतर्गत अंबाडीपा गांव में शासकीय जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। इस घटना में एक पक्ष पर लाठी, डंडे और लोहे के सब्बल से जानलेवा हमला किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता और उसके दो बेटों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

दरअसल, प्रार्थी जवाहर यादव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनके पूर्वजों के समय से घर के पास स्थित शासकीय काबिज जमीन का उपयोग खलिहान और गोठान के रूप में किया जाता रहा है। इसी जमीन को लेकर गांव के मदन यादव, ठाकुर दयाल यादव और सत्यपाल यादव के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो उस जमीन को अपनी बता रहे थे।
घटना के दिन प्रार्थी के परिवार के सदस्य खलिहान में पैरा लेने गए हुए थे। इसी दौरान आरोपी पक्ष वहां पहुंच गया और जमीन को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने लाठी, डंडे और लोहे के सब्बल से हमला कर दिया।
इस हमले में बिहारी यादव, सुमित्रा यादव और जयंती यादव घायल हो गए, जिन्हें सिर, माथे और पैरों में चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल शासकीय अस्पताल बगीचा में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोप स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त हथियार भी जब्त कर लिए गए हैं। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

-->