जशपुर जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में एक मजदूर की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। यह घटना बगीचा थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित एक खेत की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, खेत में एक व्यक्ति का शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि तेज गर्मी और लू लगने के कारण मजदूर की मौत हुई हो सकती है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
मृतक की पहचान कुंवर उर्फ बोया के रूप में हुई है, जो बस स्टैंड में मजदूरी का काम करता था।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
