कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में जिले में 29 अगस्त से 30 सितंबर 2025 तक शिशु संरक्षण माह मनाया जा रहा है। जिसका आज शुभारंभ हुआ। कलेक्टर ने जिले के सभी 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों के पालकों से बच्चों के समग्र बौद्धिक एवं मानसिक विकास के लिए टीकाकरण सत्र के दौरान स्वास्थ्य केन्द्रों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में अपने बच्चों को ले जाकर विटामिन ए, आयरन तथा आईएफ का सिरप पिलाने की अपील की है।

शिशु संरक्षण माह कार्यक्रम का शुभारंभ आज बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभात सिडाम, पार्षद एल आर चौहान बीएमओ डॉ सुनील लकड़ा किया गया। बीएमओ लकड़ा ने बताया कि शिशु संरक्षण माह कार्यक्रम अंतर्गत 9 माह से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को विटामिन ए की खुराक मंगलवार एवं शुक्रवार को टीकाकरण सत्र के दौरान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पिलाई जाएगी। इसके साथ ही 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को सप्ताह में दो बार 1-1 मिली आयरन की सिरप मितानिन के माध्यम से गृह भ्रमण के दौरान एवं आंगनबाड़ी में पिलाई जाएगी। विटामिन ए के सेवन से शरीर में रोगों से लडऩे के क्षमता में वृद्धि होती है। आंखों की परत यानी कार्निया सुरक्षित होती है, इससे बाल मृत्यु दर में कमी, दस्त, खसरा एवं आंखों की रोग रतौंधी से बचाव तथा कुपोषण में कमी आती है। विटामिन ए सम्पूर्ण कार्यक्रम के जरिए बाल जीवितता में 20 फीसदी बढ़ोतरी संभव है।
