बगीचा, 15 अगस्त – गुरम्हाकोना विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस का पर्व इस बार देशभक्ति, उत्साह और भावनाओं के अद्भुत संगम के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई, जिसके बाद बच्चों द्वारा देशभक्ति गीतों पर अनेक मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दी गईं। सृजन टीम द्वारा विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से कोरियोग्राफ किया गया नृत्य और देशभक्ति गीत ने पूरे वातावरण को ऊर्जा और जोश से भर दिया। बच्चों के भाषण और कविताओं ने दर्शकों के दिल को छू लिया और सभी के मन में गर्व और देशप्रेम की भावना जागृत कर दी।
कार्यक्रम के अंत में दर्शकों ने उत्साहपूर्वक बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कार प्रदान किए, जिससे बच्चों का मनोबल और भी बढ़ गया। इस अवसर पर एचडीएफसी के प्रतिनिधि श्री दिवाकर तथा सृजन टीम के सदस्य दिवेश चंद्र, स्वाति कुमारी, शहयार हुसैन और शिखा यादव मौजूद रहे। उनकी सक्रिय भागीदारी और सहयोग ने इस समारोह को न केवल सफल बल्कि विद्यार्थियों और ग्रामीणों के लिए अविस्मरणीय बना दिया।
