जशपुर जिले का पत्थलगांव का रायगढ़ मुख्य मार्ग पर सरकारी शराब दुकान खोले जाने से पहले ही यहां की हजारों महिलाओं ने विरोध का स्वर तेज कर दिया है।
दरअसल , आबकारी विभाग ने नगर पंचायत का प्रस्ताव और चिडरापारा के लोगों की सहमति के बगैर ही आनन-फानन में सरकारी शराब दुकान खोले जाने की तैयारी कर ली है। चिडरापारा के लोगों को इस बात की भनक लगते ही महिलाओं का एक प्रतिनिधिमंडल ने जशपुर कलेक्टर सहित अन्य अधिकारियों के पास पहुंच कर लिखित विरोध दर्ज कराया है।
महिलाओं का साफ कहना है कि शराब दुकान खोले जाने से आसपास में भारी अव्यवस्था फैलने के साथ अपराधिक घटनाओं में भी वृद्धि होगी।
चिडरापारा में सरकारी शराब दुकान का विरोध करने वाली सैकड़ों महिलाओं ने विधायक गोमती साय के कार्यालय में पहुंच कर जमकर नारेबाजी की। इन महिलाओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि वे लोग शराब जैसी बुराई के विरोध में एकजुट होकर धरना प्रदर्शन तथा सभी तरिके से आन्दोलन के लिए बाध्य हो रही हैं।
चिडरापारा में आबकारी विभाग द्वारा आनन-फानन में शराब दुकान खोले जाने को लेकर पूरे शहर की महिलाओं ने अपना समर्थन देकर जिला प्रशासन से इस निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की जा रही है।
